जिला बिलासपुर के वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रसिद्ध कवि अरुण डोगरा का सोमवार शाम एम्स कोठीपुरा में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पत्रकारिता और साहित्य जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, करीब पांच दिन पहले चंदपुर पुल के समीप उनकी स्कूटी एक गाय से टकरा गई थी। इस सड़क हादसे में अरुण डोगरा गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए एम्स कोठीपुरा में भर्ती करवाया गया था, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद सोमवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।

अरुण डोगरा ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दीं और अपनी लेखनी के माध्यम से समाज के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। पत्रकारिता के साथ-साथ साहित्य और कविता के क्षेत्र में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई थी।
उनके निधन को पत्रकारिता और साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। उनके साथी पत्रकारों, साहित्यकारों और शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।




